
पुलिस मौके पर मामले की जांच कर रही है
सीतामढी: बिहार के सीतामढी जिले में अपराधियों ने एक बार फिर दिनदहाड़े कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दी है. डुमरा थाना क्षेत्र के भीसा चौक पर अज्ञात अपराधियों ने कुख्यात अपराधी रामबाबू राय की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल कायम हो गया.
हत्या, लूट, अपहरण, डकैती समेत कई मामले दर्ज थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रामबाबू राय पर अचानक फायरिंग की गयी, जिससे मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गयी. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक रामबाबू राय पर विभिन्न थानों में हत्या, लूट, अपहरण और डकैती समेत दर्जनों गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे, जिसके कारण वह लंबे समय से पुलिस के रडार पर था.
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गया
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. सीतामढी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने घटना की पुष्टि की और कहा कि हत्या के सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है. आपसी रंजिश, गैंगवार या पुरानी दुश्मनी समेत हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान की कोशिशें तेज कर दी गई हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
पिता ने अपनी बेटी की हत्या कर दी
वहीं, बांका टाउन थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय लड़की की निर्मम हत्या के मामले का बांका पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर लिया है. इस जघन्य हत्याकांड में जो चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है वह यह है कि मृतिका की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके अपने पिता और भाई ने मिलकर की थी। प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने अपने बेटे के साथ मिलकर बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी। इस मामले को ऑनर किलिंग बताया जा रहा है, जिसने न सिर्फ कानून व्यवस्था बल्कि समाज की संवेदनशीलता को भी झकझोर कर रख दिया है.
रिपोर्ट-सौरभ,सीतामढ़ी
