
श्रेयस अय्यर और रुतुराज गायकवाड़
भारतीय टीम को 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। अब इस सीरीज के लिए बीसीसीआई चयनकर्ताओं ने टीम की घोषणा कर दी है। उप-कप्तान श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी हो गई है, लेकिन उनका खेलना इस बात पर निर्भर करेगा कि उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस क्लीयरेंस मिलता है या नहीं। अय्यर के वनडे टीम में आते ही रुतुराज गायकवाड़ को बाहर जाना पड़ा और उन्हें न्यूजीलैंड के लिए होने वाली सीरीज में शामिल नहीं किया गया है. वहीं गायकवाड़ ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में अच्छा प्रदर्शन दिखाया था.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में शतक लगाया
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में रुतुराज गायकवाड़ चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए, इस नंबर पर श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी करते हैं। गायकवाड़ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके, लेकिन दूसरे वनडे में उन्होंने जोरदार बल्लेबाजी की. इस मैच में उन्होंने 83 गेंदों में कुल 105 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और दो छक्के शामिल थे. वनडे क्रिकेट में यह उनका पहला शतक था. इसके बाद तीसरे मैच में उन्होंने बल्लेबाजी नहीं की और अब उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है.
विजय हजारे ट्रॉफी में भी कमाल कर रहे हैं.
रुतुराज गायकवाड़ इस समय विजय हजारे ट्रॉफी में महाराष्ट्र टीम के लिए खेल रहे हैं और टीम की कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने उत्तराखंड के खिलाफ 164 रन की पारी खेली. इसके अलावा मुंबई के खिलाफ 66 रन बनाए थे. वह एक बार फिर भारतीय टीम में शामिल होने के लिए दरवाजा खटखटा रहे हैं. लेकिन अब शायद उनकी वापसी तभी हो सकती है जब कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाए.
भारतीय टीम के लिए कुल 9 वनडे मैच खेले
रुतुराज गायकवाड़ ने साल 2022 में भारतीय वनडे टीम के लिए डेब्यू किया और इसके बाद उन्होंने 9 वनडे मैचों में कुल 228 रन बनाए, जिसमें उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया। इसके अलावा उन्होंने टीम के लिए 23 टी20I मैच भी खेले हैं, जिसमें उन्होंने कुल 633 रन बनाए हैं.
गायकवाड़ आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स टीम के कप्तान हैं और उन्होंने टीम के लिए कई शानदार पारियां खेली हैं। उन्होंने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स टीम के लिए अब तक कुल 2502 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने दो शतक और 20 अर्धशतक लगाए हैं.
यह भी पढ़ें:
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले चोटिल हुआ स्टार खिलाड़ी, इस टीम की बढ़ी टेंशन!
हार्दिक पंड्या को वनडे टीम में नहीं मिली जगह, बीसीसीआई ने किया बड़ा खुलासा!
