
प्रतीकात्मक तस्वीर
उत्तर भारत ठंड की चपेट में है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई शहरों में आने वाले दिनों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके चलते मौसम विभाग ने रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस बीच, दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार को ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई, 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 267 था।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी
पहाड़ी राज्यों में जबरदस्त ठंड पड़ रही है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है. बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं. स्थानीय मौसम विभाग ने और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है.
लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं
राजस्थान, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर का प्रकोप है. राजस्थान के सीकर, चूरू और झुंझुनू में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के कारण लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं. बिहार में पटना और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में कोहरे ने परेशानी बढ़ा दी है.
4 जनवरी से 7 जनवरी के बीच शीत लहर का अलर्ट
मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में हालात और खराब हो सकते हैं. 4 जनवरी से 7 जनवरी के बीच शहर के कुछ इलाकों में शीत लहर की स्थिति बन सकती है. सुबह के समय दृश्यता कम रही है और आने वाले दिनों में घने कोहरे के कारण दृश्यता और भी कम हो सकती है.
न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस था, जो इस मौसम के औसत से 1.2 डिग्री अधिक है.
दिल्ली का पालम इलाका सबसे ठंडा रहा
अधिकतम तापमान के स्टेशन-वार आंकड़ों से पता चला कि पालम में 15.8 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 17.6 डिग्री सेल्सियस, रिज में 16.3 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस, पालम में 7.9 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 8 डिग्री सेल्सियस, रिज में 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली की हवा ‘खराब’ श्रेणी में
आईएमडी के मुताबिक, घने कोहरे के कारण सुबह करीब 9 बजे सफदरजंग में दृश्यता घटकर 800 मीटर रह गई, जो बाद में बढ़कर 1,200 मीटर हो गई. इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 267 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। राजधानी के 14 निगरानी केंद्रों पर AQI ‘खराब’ श्रेणी में, 17 पर ‘बहुत खराब’ और छह पर ‘मध्यम’ श्रेणी में था। जहांगीरपुरी में AQI 340 के साथ सबसे खराब स्थिति दर्ज की गई।
