
मौसम विभाग ने शीतलहर और कोल्ड डे को लेकर अलर्ट जारी किया है.
नई दिल्ली: उत्तर भारत में सर्दी ज्यादा पड़ेगी। आईएमडी के अलर्ट के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है, जिसका सीधा असर जनजीवन पर पड़ेगा. वहीं पंजाब-हरियाणा में लोगों को शीतलहर और कोल्ड डे का सामना करना पड़ सकता है. सवाल ये है कि किन राज्यों में कब बढ़ेगी ठंड और कितना गिरेगा तापमान? इस लेख में पढ़ें मौसम की जानकारी.
इन राज्यों में कोल्ड डे और शीत लहर का प्रकोप
मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के मुताबिक, अगले 7 दिनों तक उत्तर भारत में रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है. 4 जनवरी को उत्तराखंड और 4-5 जनवरी को बिहार में कुछ स्थानों पर कोल्ड डे कंडीशन की संभावना है. वहीं, पंजाब-हरियाणा के कुछ इलाकों में 7 जनवरी तक, पश्चिमी राजस्थान में 5-8 जनवरी तक और पूर्वी राजस्थान में 4-8 जनवरी तक शीतलहर जारी रह सकती है.
कितना गिरेगा तापमान?
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है और इसके बाद अगले 5 दिनों तक इसमें कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. वहीं, मध्य भारत में अगले 4 दिनों तक न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है. इसके बाद अगले 3 दिनों तक कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है.
पूर्वी भारत में मौसम का मिजाज क्या है?
इसके अलावा अगले 24 घंटों में पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले 3 दिनों में तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. उसके बाद कोई खास बदलाव नहीं आएगा.
गुजरात में न्यूनतम तापमान बढ़ेगा
वहीं, अगले 3 दिनों में गुजरात में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. इसके बाद इसमें कोई खास बदलाव नहीं होगा. इसके अलावा महाराष्ट्र और उत्तर-पूर्व भारत के न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
ये भी पढ़ें-
भिवंडी में भिड़े बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ता, जमकर चली लाठियां और कुर्सियां; दो घायल
