
भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) एक शानदार अंतरराष्ट्रीय टूर पैकेज लेकर आई है। यह टूर पैकेज उन लोगों के लिए खास है जो दुबई जाना चाहते हैं। जी हां, आईआरसीटीसी ने इस साल गणतंत्र दिवस के मौके पर दुबई के लिए टूर पैकेज की घोषणा की है। इस टूर पैकेज की खास बात यह है कि विभिन्न राज्यों के भारतीय नागरिक दुबई में एक साथ रह सकेंगे और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की एकता और सांस्कृतिक विविधता का संदेश देंगे।
यात्रा गणतंत्र दिवस पर शुरू होगी
आईआरसीटीसी के अधिकारियों ने रविवार को बताया कि यह यात्रा इस साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर शुरू होगी. उन्होंने कहा कि कोच्चि, बेंगलुरु, अहमदाबाद, मुंबई, इंदौर, जयपुर, दिल्ली, चंडीगढ़ और लखनऊ सहित देश के विभिन्न शहरों से पर्यटक इस पैकेज को बुक कर सकेंगे।
दुबई टूर पैकेज के लिए एक यात्री को कितना किराया देना होगा?
आईआरसीटीसी इन सभी पर्यटकों को दुबई में इकट्ठा करेगा और एक संयुक्त भारतीय समूह के रूप में उन्हें भ्रमण कराएगा। बयान के मुताबिक, 4 रात और 5 दिन के इस टूर पैकेज की कीमत 94,730 रुपये प्रति व्यक्ति तय की गई है. इसमें हवाई यात्रा, तीन सितारा होटल में रहना, वीजा शुल्क, भोजन, एसी डीलक्स बस से दर्शनीय स्थल, रेगिस्तान सफारी और यात्रा बीमा जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
आपको किन जगहों पर जाने का मौका मिलेगा?
आईआरसीटीसी जयपुर के अतिरिक्त महाप्रबंधक योगेन्द्र सिंह गुर्जर ने बताया कि पर्यटकों को दुबई, पाम जुमेराह, मिरेकल गार्डन, बुर्ज खलीफा का लाइट एंड साउंड शो, गोल्ड सूक और स्पाइस सूक का भ्रमण कराया जाएगा। इसके अलावा, अबू धाबी सिटी टूर के हिस्से के रूप में शेख जायद मस्जिद और मंदिर का भी दौरा किया जाएगा। इस पैकेज के लिए बुकिंग 6 जनवरी तक की जा सकती है। इच्छुक पर्यटक आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
