उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इटावा के रहने वाले प्रीतम कुमार निषाद नाम के युवक ने खुद को आईएएस अधिकारी बताया और उसके बाद एक लड़की के परिवार ने व्हाट्सएप पर निशाद मैट्रिमोनी ग्रुप से उसका बायोडाटा देखा, जिसमें उसे आईएएस अधिकारी के रूप में दिखाया गया था। लड़की के परिवार वाले एक आईएएस दूल्हे की तलाश कर रहे थे, इसलिए लड़की की शादी जल्दबाजी में तय कर दी गई। सगाई से तीन दिन पहले, दूल्हे पक्ष ने “शादी के खर्च” के नाम पर 15 लाख रुपये की मांग की, जिसमें से 10 लाख रुपये सगाई में दिए गए और शेष 5 लाख रुपये शादी के दिन दिए गए। कुल मिलाकर परिवार ने शादी पर लगभग 30 लाख रुपये खर्च किए, जिसमें 15 लाख रुपये नकद दहेज भी शामिल था।
नकली दूल्हे का पर्दाफाश
11 मार्च 2026 को नंदानगर इलाके के एक मैरिज हॉल में धूमधाम से शादी हुई. विवाह की रस्म अदा की गई, दोनों पक्षों के लोग खुश थे। लेकिन दुल्हन की विदाई के बाद सच सामने आया कि दूल्हा आईएएस नहीं है. नवविवाहिता दुलगन ने रोते हुए अपने परिवार को बताया कि उसका पति धोखेबाज और नकली है। उसने पैसों के लालच में उससे शादी की थी और अब वह उसे गोवा ले जाकर बेचने की योजना बना रहा था। जैसे ही परिवार ने यह खबर सुनी तो उन्हें सांप सूंघ गया और उन्होंने तुरंत गोरखपुर कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई। आरोप में दुल्हन के साथ छेड़छाड़ का भी जिक्र है.
दुल्हन और उसके परिवार वालों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस उसे पकड़ने की कोशिश कर रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या कोई ऐसा गिरोह है जो पैसे के लिए लोगों को फंसाता है.
(गोरखपुर से राज श्रीवास्तव की रिपोर्ट)
