कर्नाटक के बेंगलुरु (ग्रामीण) जिले में रामनवमी का प्रसाद खाने पर हंगामा हो गया. प्रसाद खान से करीब 60 लोग बीमार पड़ गये. स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को लगभग 400 लोगों ने प्रसाद खाया और उनमें से कई लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त जैसे लक्षणों की शिकायत होने लगी। रविवार तड़के उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के बाद सभी लोग खतरे से बाहर हैं
बेंगलुरु ग्रामीण जिला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) लक्का कृष्णा रेड्डी ने देवनहल्ली में संवाददाताओं से कहा, ‘रविवार तड़के 60 लोग बीमार पड़ गए। इलाज के बाद सभी लोग खतरे से बाहर हैं. लगभग 46 लोगों को देवनहल्ली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया, जबकि शेष को एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
प्रसाद का सैंपल लिया जाएगा
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए मंदिर के प्रसाद को जांच के लिए फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला में भेजा गया है।
फूड पॉइजनिंग का मामला हो सकता है
स्थानीय लोगों का मानना है कि बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने की वजह फूड प्वाइजनिंग हो सकती है. आपको बता दें कि फूड पॉइजनिंग एक आम लेकिन कभी-कभी दूषित भोजन या पानी के सेवन से होने वाली घातक बीमारी है।
