
2 सगे भाइयों ने अपने माता-पिता की गला घोंटकर हत्या कर दी
नांदेड़: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दो सगे भाइयों ने अपने ही माता-पिता की हत्या कर दी और इस घटना को अंजाम देने के बाद दोनों भाइयों ने खुद भी ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली.
क्या है पूरा मामला?
नांदेड़ में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई. हैरान करने वाली बात तो यह है कि परिवार के दो बेटों ने पहले अपने माता-पिता की हत्या की और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली. पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी.
मृतक माता-पिता की पहचान रमेश सोनाजी लाखे (51) और उनकी पत्नी राधाबाई लाखे (45) के रूप में की गई है। जिन बेटों ने घटना को अंजाम दिया और खुद भी आत्महत्या कर ली, उनकी पहचान उमेश (25) और बजरंग (23) के रूप में हुई है।
मुदखेड तहसील के ज्वाला मुरहार गांव में माता-पिता के शव उनके घर में एक बिस्तर पर पाए गए। बेटों के शव गांव से कुछ दूर मुगाट रेलवे स्टेशन के पास पटरी पर मिले।
इस घटना की वजह सामने आई
मिली जानकारी के मुताबिक पैसे की कमी के कारण हत्या और आत्महत्या का यह मामला सामने आया है. पुलिस ने बताया कि जब माता-पिता घर में सो रहे थे तो उनके बेटों ने उनका गला घोंट दिया और फिर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक पिता लकवाग्रस्त थे और उनकी बीमारी के कारण घर में आर्थिक परेशानी रहती थी. पुलिस का कहना है कि जांच में पता चला है कि बेटों ने यह हत्या की और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली.
हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं. एक ही घर से चार लोगों के उजड़ने से आस-पड़ोस के लोग भी दुखी हैं.
