
दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया है.
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शनिवार शाम एक बार फिर हवा काफी जहरीली हो गई. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी सीपीसीबी के मुताबिक, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 390 तक पहुंच गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है. दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर और भी खराब रहा और यहां AQI 400 के पार पहुंच गया. दिल्ली के पटपड़गंज में AQI 431 दर्ज किया गया, जबकि शिवाजी पार्क में यह 400 था. सबसे अधिक AQI नेहरू नगर में 442, शादीपुर में 429, सिरी फोर्ट में 402 और आरके पुरम में 412 था। वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली सरकार ने GRAP-4 के तहत 2 प्रतिबंधों को स्थायी कर दिया है।
प्रदूषण से निपटने के लिए अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं
शनिवार सुबह भी दिल्ली की हवा में जहर कम नहीं था और कई जगहों पर AQI 300 के पार पहुंच गया था, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है. प्रदूषण से निपटने के लिए अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं. ‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ नियम को सख्ती से लागू किया जा रहा है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के तहत स्टेज-3 उपाय शुरू किए हैं, जिसमें निर्माण कार्य और कुछ औद्योगिक गतिविधियों पर प्रतिबंध शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि ‘बहुत खराब’ हवा में रहने वाले लोगों, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारियों वाले लोगों को बाहर बहुत अधिक समय बिताने से बचना चाहिए और मास्क पहनना चाहिए।
दिल्ली सरकार ने GRAP-4 के तहत 2 प्रतिबंधों को स्थायी कर दिया
दिल्ली पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शनिवार को घोषणा की कि दिल्ली-एनसीआर में GRAP-4 के तहत 2 प्रतिबंध अब स्थायी रहेंगे। उन्होंने कहा कि अगले आदेश तक वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) के बिना वाहनों को पेट्रोल की आपूर्ति नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘अब से यह तय हो गया है कि GRAP-4 के तहत प्रतिबंधों में से हमने 2 प्रतिबंधों को स्थायी कर दिया है. पहला, अगले आदेश तक आपको बिना पीयूसीसी सर्टिफिकेट के कहीं भी पेट्रोल नहीं मिलेगा. दूसरे, शहर के बाहर से दिल्ली में आने वाले उन वाहनों पर भी प्रतिबंध होगा जो भारत स्टेज VI (बीएस 6) उत्सर्जन मानकों को पूरा नहीं करते हैं।
