
कीरोन पोलार्ड
ILT20 2025 में MI अमीरात टीम ने दुबई कैपिटल्स को 8 विकेट से हरा दिया. इस मैच में दुबई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 122 रन बनाए. इसके बाद कप्तान कीरोन पोलार्ड के दम पर MI ने लक्ष्य हासिल कर लिया। इसके अलावा अल्लाह मोहम्मद गजनफर ने गेंदबाजी का बेहतरीन नमूना पेश किया.
कीरोन पोलार्ड ने 44 रनों की पारी खेली
एमआई अमीरात टीम के लिए मोहम्मद वासम और आंद्रे फ्लेचर ने पहले विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी की और जीत की नींव रखी. इसके बाद विकेटकीपर टॉम बैंटन ने 28 रनों का योगदान दिया, जिसमें एक छक्का और तीन चौके शामिल थे. बाद में कीरोन पोलार्ड ने शानदार बल्लेबाजी की और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने 31 गेंदों में एक चौका और पांच छक्के लगाते हुए 44 रन बनाए. उनकी बदौलत ही टीम ने 16.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.
पोलार्ड ने एक ओवर में कुल 30 रन बनाए.
कीरोन पोलार्ड की विस्फोटक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 15वें ओवर में कुल 30 रन बनाए. यह ओवर वकार सलामखेल ने फेंका और पहली ही गेंद पर उन्होंने जोरदार छक्का जड़ दिया. इसके बाद उन्होंने दूसरी गेंद पर चौका लगाया और तीसरी गेंद पर दौड़कर दो रन पूरे किए. बाद में उन्होंने ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर तीन लंबे छक्के लगाए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. दुबई कैपिटल्स के लिए एकमात्र विकेट हैदर अली ने लिया. उनके अलावा कोई भी गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका.
गजनफर ने तीन विकेट लिए
दुबई कैपिटल्स टीम के लिए कप्तान मोहम्मद नबी ने सबसे ज्यादा 22 रन बनाए. उनके अलावा जेम्स नीशम ने 21 रनों का योगदान दिया. बाकी खिलाड़ी रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे और टीम 122 रन ही बना सकी. एमआई अमीरात के लिए अल्लाह गजनफर ने कमाल की गेंदबाजी की. उन्होंने चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिये. उनके अच्छे खेल के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी दिया गया. उनके अलावा फजलहक फारूकी, शाकिब अल हसन, अरब गुल ने एक-एक विकेट लिया।
यह भी पढ़ें:
इस टीम का SA20 में बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड, लीग के इतिहास में बनाया सबसे कम स्कोर
IND-W vs SL-W: कब और कितने बजे खेला जाएगा चौथा टी20, जानें लाइव स्ट्रीमिंग की पूरी जानकारी
