
पाकिस्तान में आटा मिल मालिकों को आपात बैठक बुलानी पड़ी.
कराची: पाकिस्तान में आटे की कीमत में एक बार फिर तेज बढ़ोतरी देखी जा रही है. सिंध सरकार द्वारा गेहूं पर सब्सिडी देकर बाजार को स्थिर करने के सभी प्रयास असफल साबित हुए हैं। खबरों के मुताबिक, आटा मिल मालिकों ने सरकारी गेहूं लेने से इनकार कर दिया है. उनका आरोप है कि खाद्य विभाग के अधिकारी गोदाम से गेहूं रिलीज करने के बदले में रिश्वत की मांग कर रहे हैं, जिससे संकट गहरा गया है.
पाकिस्तानी अधिकारियों का रिश्वत कांड
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, मिल मालिकों का दावा है कि खाद्य विभाग के अधिकारी प्रति बैग 1,000 से 1,200 पाकिस्तानी रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं. इसके विरोध में मिल मालिक अब खुले बाजार से ऊंचे दाम पर गेहूं खरीदने को मजबूर हैं. अब इसका सीधा बोझ आम जनता पर पड़ रहा है.
पाकिस्तान में इतने में बिक रहा आटा?
इसके चलते खुदरा बाजार में आटे का 5 किलो का पैकेट 630 पाकिस्तानी रुपये तक बिक रहा है. वहीं, कुछ मिलें इसके लिए 650 रुपये तक वसूल रही हैं.
व्यापारी इस तरह बाजार में हेरफेर कर रहे हैं
सिंध में हालात तब और खराब हो गए जब आरोप लगे कि कुछ व्यापारी सब्सिडी वाला गेहूं खुले बाजार में महंगी दरों पर बेच रहे हैं। इसे खाद्य विभाग के कुछ अधिकारियों का भी मौन समर्थन प्राप्त है। इससे आटा मिल मालिकों में भारी नाराजगी है और वे इसे आपूर्ति व्यवस्था से छेड़छाड़ मान रहे हैं.
आटा मिल मालिकों ने बुलाई आपात बैठक
इसलिए फ्लोर मिल ओनर्स सोशल वेलफेयर एसोसिएशन ने हैदराबाद प्रेस क्लब में एक आपातकालीन बैठक बुलाई, जिसकी अध्यक्षता संगठन के प्रमुख हाजी मोहम्मद मेमन ने की. इस बैठक में व्यापारियों को सब्सिडी ढांचे में शामिल करने का विरोध किया गया. साथ ही चेतावनी भी दी गई कि ऐसी नीति कृत्रिम कमी और बाजार में हेरफेर को बढ़ावा दे सकती है।
ये भी पढ़ें-
PoK में फिर सक्रिय हुए आतंकी, महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल, जैश-ए-मोहम्मद लगा रहा ट्रेनिंग कैंप
