
स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनिंग जोड़ी स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा ने मिलकर महिला टी20 इंटरनेशनल में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो इससे पहले कोई जोड़ी नहीं कर पाई. टीम इंडिया इस समय घरेलू मैदान पर श्रीलंकाई महिला टीम के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है, जिसके चौथे मैच में टॉस हारकर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और मंधाना और शैफाली की जोड़ी ने टीम को शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 162 रनों की शानदार साझेदारी की और इतिहास भी रच दिया.
महिला टी20 इंटरनेशनल में 3000 से ज्यादा रन बनाने वाली पहली जोड़ी बनीं
महिला टी20 इंटरनेशनल में स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा की ओपनिंग जोड़ी सबसे खतरनाक जोड़ियों में गिनी जाती है. महिला टी20 इंटरनेशनल में जोड़ी के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पहले से ही नंबर वन पर मौजूद मंधाना और शेफाली ने अब साथ में 3000 रन का आंकड़ा पार कर लिया है. इसके साथ ही स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा महिला टी20 इंटरनेशनल में 3000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाली पहली जोड़ी बन गई हैं. इन दोनों ने मिलकर अब तक कुल 3107 रन जोड़े हैं. इसके बाद दूसरे स्थान पर एलिसा हीली और बेथ मूनी की ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी का नाम आता है, जिन्होंने मिलकर कुल 2720 रन बनाए हैं।
महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली जोड़ी
- स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा (भारत) – 3107 रन
- एलिसा हीली और बेथ मूनी (ऑस्ट्रेलिया) – 2720 रन
- ईशा ओझा और तीर्थ सतीश (यूएई)- 2579 रन
- सुजी बेट्स और सोफी डिवाइन (न्यूजीलैंड) – 2556 रन
- कविशा अगोडेगे और ईशा ओझा (यूएई)- 1976 रन
एलिसा हीली और बेथ मूनी के रिकॉर्ड की हुई बराबरी
महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा ओपनिंग शतकीय साझेदारियां करने का रिकॉर्ड फिलहाल यूएई की ईशा ओझा और तीर्था सतीश के नाम है, जो अब तक 6 बार यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। वहीं, स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा की ओपनिंग जोड़ी अब इस लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गई है, जिसमें उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की ओपनिंग जोड़ी एलिसा हीली और बेथ मूनी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। मंधाना और शेफाली महिला टी20 इंटरनेशनल में चौथी बार शतकीय साझेदारी करने में सफल रही हैं.
ये भी पढ़ें
स्मृति मंधाना ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, महिला क्रिकेट में ऐसा करने वाली बनीं चौथी खिलाड़ी
इस खिलाड़ी ने महिला टी20 क्रिकेट में लगाया संयुक्त सबसे तेज अर्धशतक, बड़े रिकॉर्ड की बराबरी की
