
राहुल गांधी के सवाल पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने तंज कसा.
अहमदाबाद: लोकसभा में चर्चा के दौरान राहुल गांधी द्वारा पूछे गए एक सवाल पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में तंज कसा. रविवार को जनसभा में अमित शाह ने इसका जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी को जनता से पूछना चाहिए था कि वह हर चुनाव क्यों हारते हैं और उन्होंने मुझसे पूछा. साथ ही अमित शाह ने कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि हारते-हारते मत थको राहुल गांधी, तुम्हें अभी और खोना है.
राहुल गांधी ने शाह से क्या पूछा?
अमित शाह ने कहा, ‘हाल ही में जब लोकसभा में चर्चा चल रही थी तो राहुल गांधी ने एक अजीब सवाल पूछा. बड़ा अजीब सवाल पूछा कि हम हर बार चुनाव क्यों हार जाते हैं? अब ये सवाल आप सभी से पूछा जाना चाहिए था और उन्होंने ये सवाल मुझसे पूछा. मेरी राहुल बाबा से प्रार्थना है कि अगर आप इन कार्यक्रमों का महत्व समझेंगे तो आपको पता चल जाएगा कि आप हर बार चुनाव क्यों हार जाते हैं?
राहुल अब हार से मत थको- शाह
केंद्रीय गृह मंत्री ने आगे कहा, ‘1973 में जो लोग दोबारा बसाए गए थे, उनके परिवारों को ढूंढकर उन्हें सनद देने का काम नरेंद्र मोदी की सरकार ने किया है. ये सब समझने की बजाय राहुल गांधी SIR को समझने लगे. राहुल बाबा, हार से अभी मत थको। तय कर लीजिए कि आप बंगाल और तमिलनाडु में भी हारेंगे. और 2029 में एक बार फिर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी.
अमित शाह ने बताई बीजेपी की जीत की वजह
शाह ने कहा कि हमारी सफलता का कारण यह है कि लोग हमारे सिद्धांतों से जुड़े हुए हैं. राम मंदिर, अनुच्छेद 370 को हटाना, आतंकवादियों पर सर्जिकल स्ट्राइक, तीन तलाक विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता और बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकालने के लिए हमारे अभियान का कांग्रेस ने विरोध किया था। अब बताओ जनता की पसंद का विरोध करोगे तो वोट कैसे मिलेंगे?
ये भी पढ़ें-
PoK में फिर सक्रिय हुए आतंकी, महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल, जैश-ए-मोहम्मद लगा रहा ट्रेनिंग कैंप
