
बांकेबिहारी मंदिर
मथुरा: नए साल पर वृन्दावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में भारी भीड़ होने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने भक्तों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की है. प्रबंधन ने 29 दिसंबर से 5 जनवरी तक अत्यधिक भीड़ की चेतावनी दी है और भक्तों से इन दिनों के दौरान मंदिर में न आने की अपील की है.
दर्शन और सुरक्षा पर दबाव
मंदिर प्रबंधन का कहना है कि नए साल के मौके पर लाखों श्रद्धालु वृन्दावन पहुंचते हैं, जिससे दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा पर दबाव बढ़ जाता है. ऐसे में अगर बहुत जरूरी न हो तो इन तारीखों पर मंदिर जाने से बचें। साथ ही सलाह दी जाती है कि वृन्दावन आने से पहले भीड़ की स्थिति जानने के बाद ही यात्रा की योजना बनाएं।
श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
वहीं, मथुरा पुलिस ने भी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है. मथुरा पुलिस के मुताबिक, इन दिनों करीब 4 से 5 लाख श्रद्धालु प्रतिदिन वृन्दावन पहुंच रहे हैं, जबकि 31 दिसंबर और 1 जनवरी को यह संख्या और बढ़ सकती है. पुलिस ने खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों से अपील की है कि वे इन भीड़भाड़ वाले दिनों में न आएं।
प्रशासन और मंदिर प्रबंधन अलर्ट
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और मंदिर प्रबंधन काफी सतर्क है. उनका साफ कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग बेहद जरूरी है, ताकि सभी श्रद्धालु शांतिपूर्वक और सुरक्षित तरीके से ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन कर सकें.
स्थिति का आकलन करने के बाद ही निकलें
मंदिर प्रबंधन ने आगंतुकों से अनुरोध किया है कि वे वृन्दावन की यात्रा से पहले स्थिति का आकलन कर लें। जहां तक संभव हो भीड़भाड़ को देखते हुए यात्रा करने से बचें। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अपने साथ किसी भी तरह का बैग या कीमती सामान न लाएं. मंदिर और उसके आसपास माइक से की जा रही घोषणाओं को ध्यान से सुनें। मंदिर में जूते-चप्पल लेकर न आएं और भीड़ में जेबकतरों से सावधान रहें।
