
अगले साल होने वाले बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के बीच सुलह होने के संकेत नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी के घर पर हाल ही में हुई विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं की डिनर पार्टी में कुछ ऐसा ही देखने को मिला। डिनर पार्टी में विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं के साथ टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी भी पहुंचे। इस दौरान वे कई मुद्दों पर राहुल गांधी से बात करते नजर आए।
विपक्षी गठबंधन इंडिया को लेकर टीएमसी और कांग्रेस के बीच तनाव पैदा हो गया था। हाल ही में टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी में पश्चिम बंगाल में इंडिया गठबंधन की समाप्ति की बात कही थी। उन्होंने एकला चलो रे दृष्टिकोण अपनाने की बात कही थी। इसके बाद कांग्रेस लगातार टीएमसी के निशाने पर रही है। मगर गुरुवार शाम को राहुल गांधी की डिनर पार्टी में हालात बदले नजर आए।
टीएमसी के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने डिनर पार्टी में भाग लिया। उन्होंने राहुल गांधी से बात की। दोनों नेताओं ने अलग-अलग विस्तार से बातचीत की। इसमें बनर्जी ने गांधी को बंगाल में चुनाव आयोग द्वारा प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर टीएमसी के विरोध के बारे में जानकारी दी। कांग्रेस और टीएमसी ने मानसून सत्र के दौरान कई मुद्दों पर सहमति जताई है।
वहीं कांग्रेस ने ममता बनर्जी के खिलाफ मुखर रहने वाले अपने नेता अधीर रंजन चौधरी को पीसीसी प्रमुख के पद से हटा दिया है। उनकी जगह शुभंकर सरकार को नामित किया गया है। राजनीतिक पर्यवेक्षक बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के बीच संबंधों को फिर से मजबूत करने की कोशिशों पर कड़ी नजर रख रहे हैं। 2011 में ममता बनर्जी वामपंथी सरकार को हटाकर सत्ता में आई थीं और कांग्रेस उनके साथ गठबंधन में थी।
तब से राज्य में कांग्रेस का प्रदर्शन लगातार गिरता गया है और 2021 के बंगाल विधानसभा चुनावों में एक भी सीट जीतने में नाकाम रही। वाम दलों के साथ गठबंधन के ज़रिये पार्टी को पुनर्जीवित करने की कोशिशें नाकाम रहीं और कई लोगों ने इसे एक बड़ी भूल बताया।