
अमन खा
आईपीएल 2026 अगले साल शुरू होगा लेकिन उससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के एक खिलाड़ी के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. ये खिलाड़ी हैं अमन खान, जिन्हें हाल ही में हुई नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी टीम में शामिल किया है. सीएसके ने अमन खान को 40 लाख रुपये में खरीदा था. आईपीएल 2026 में हिस्सा लेने से पहले ही अमन एक ऐसे अनचाहे रिकॉर्ड के कारण सुर्खियों में आ गए हैं जिसे कोई भी गेंदबाज नहीं बनाना चाहेगा.
सीएसके के गेंदबाज ने दिए 100 से ज्यादा रन
दरअसल, पुडुचेरी की ओर से खेलते हुए अमन खान ने झारखंड के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 मैच में अपने 10 ओवरों में 100 से ज्यादा रन दिए, जो अब पुरुष लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास का सबसे महंगा स्पैल बन गया है। यह मैच 29 दिसंबर को अहमदाबाद में खेला गया था, जहां झारखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 368 रन का विशाल स्कोर बनाया. झारखंड की इस बड़ी पारी में कुमार कुशाग्र ने शानदार शतक लगाया, जबकि अनुकूल रॉय ने सिर्फ 98 रनों की दमदार पारी खेली.
पुडुचेरी हार गई
पुडुचेरी की ओर से गेंदबाजी करते हुए अमन खान उन तीन गेंदबाजों में शामिल थे, जिन्होंने सभी 10 ओवर पूरे किए। हालांकि, उनका इकॉनमी रेट 12.30 का रहा और उन्होंने 10 ओवर में 1 विकेट लेते हुए 123 रन देने का शर्मनाक कारनामा किया. जवाब में पुडुचेरी की टीम 41.4 ओवर में 235 रन पर ऑलआउट हो गई और आसानी से मैच हार गई. अमन खान के रिकॉर्ड से पहले पुरुष लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन देने का रिकॉर्ड अरुणाचल प्रदेश के तेज गेंदबाज मिबोम मोसु के नाम था, जिन्होंने इसी टूर्नामेंट में बिहार के खिलाफ 9 ओवर में 116 रन दिए थे. उस मैच में बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने भी महज 14 साल की उम्र में शतक जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं.
अमन खान ने 2021 में मुंबई के लिए अपने लिस्ट-ए करियर की शुरुआत की, जिसके बाद उन्होंने पुडुचेरी के लिए खेलना शुरू किया और वर्तमान में टीम की कप्तानी कर रहे हैं। अमन के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने अपना पहला आईपीएल सीजन साल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेला था। वह साल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे और हाल ही में आईपीएल 2026 की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था।
यह भी पढ़ें:
सर डॉन ब्रैडमैन की ऐतिहासिक बैगी ग्रीन कैप होगी नीलाम, भारत से है खास कनेक्शन
क्विंटन डी कॉक ने टी20 में किया बड़ा कारनामा, बने ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी
