
काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु.
नए साल पर देशभर के मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ है. कहीं लंबी कतार है तो कहीं पैर रखने तक की जगह नहीं है. आस्था के सैलाब को देखते हुए कई मंदिरों ने नई गाइडलाइंस जारी की हैं. शिरडी साईं मंदिर 31 दिसंबर को पूरी रात भक्तों के लिए खुला रहेगा। वहीं, वृन्दावन में बांकेबिहारी प्रशासन ने लोगों से मंदिर में न आने की अपील की है.
काशी से कटरा तक, अयोध्या से लेकर रामेश्वरम तक नए साल पर भगवान का आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है. अयोध्या में रामलला और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए मंदिर के बाहर 2-2 किलोमीटर लंबी लाइनें लगी हैं. भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है.
श्रद्धालुओं से न आने की अपील
भीड़ को देखते हुए बांके बिहारी मंदिर प्रबंधन अब भक्तों से न आने की अपील कर रहा है. भीड़ के बीच होटल और गेस्ट हाउस फुल हैं. बाहर लंबी कतारें लगने के बाद भक्तों को मंदिर के अंदर भी दबाव का सामना करना पड़ रहा है. सुबह मंदिर के कपाट खुलने से पहले ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और रात में कपाट बंद होने के बाद भी स्थिति वैसी ही है. ऐसे में मंदिर प्रबंधन ने एक एडवाइजरी जारी कर श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे वृन्दावन जाने की अपनी योजना टाल दें.
प्रशासन की अपील के बाद भी श्रद्धालुओं का आना-जाना नहीं रुक रहा है. पिछले कुछ दिनों से करीब 4 से 5 लाख श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन पहुंच रहे हैं, जबकि 31 दिसंबर और 1 जनवरी को यह संख्या और बढ़ने की संभावना है.
वाराणसी में प्रतिदिन 3 से 4 लाख श्रद्धालु पहुंच रहे हैं
बाबा की नगरी काशी में भी 25 दिसंबर से ही भक्तों का सैलाब देखने को मिल रहा है. पर्यटकों की संख्या हर दिन नए रिकॉर्ड बना रही है. वाराणसी में प्रतिदिन 3 से 4 लाख श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर 2-2 किलोमीटर लंबी लाइनें लग रही हैं, जिसे देखते हुए मंदिर में स्पर्श दर्शन पर 2 जनवरी तक रोक लगा दी गई है. सभी तरह के प्रोटोकॉल बंद कर दिए गए हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर के चारों प्रवेश द्वारों को अलग-अलग जोन में बांटा गया है. सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की जा रही है और सीसीटीवी से पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है.

नववर्ष पर भगवान के दरबार में उमड़े श्रद्धालु।
नए साल पर मंदिरों में जारी हुए नए नियम
- बांकेबिहारी- मंदिर में सुबह और शाम दर्शन का समय बदल गया
- वैष्णो देवी- दर्शन के बाद आपको 24 घंटे के अंदर बेस कैंप वापस लौटना होगा.
- महाकाल- भस्म आरती की ऑनलाइन बुकिंग बंद
- अयोध्या- आरती दर्शन के लिए ऑनलाइन पास पूरी तरह बुक हो चुके हैं।
- खाटूश्याम- 2 जनवरी तक वीआईपी दर्शन पूरी तरह से बंद
रामनगरी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
इस समय रामनगरी अयोध्या में भी काफी भीड़ है. हर दिन 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालु भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए आ रहे हैं. आरती और दर्शन के लिए जारी किए गए ऑनलाइन पास पूरी तरह बुक हो चुके हैं। हनुमानगढ़ी में भी भक्तों की भारी भीड़ है और नए साल पर भीड़ और भी बढ़ने की संभावना है. ऐसे में पुलिस प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं. जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके. नए साल के मौके पर यहां 2 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है.
श्राइन बोर्ड ने जारी की नई गाइडलाइंस
वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है. भारी भीड़ को देखते हुए श्राइन बोर्ड ने नई गाइडलाइंस जारी की हैं. इसमें यात्रियों को आरएफआईडी कार्ड मिलने के बाद 10 घंटे के भीतर यात्रा शुरू करनी होगी. वहीं, दर्शन के 24 घंटे के भीतर बेस कैंप पर वापस लौटना होगा। दर्शन का समय भी बदल दिया गया है. दर्शन का समय सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक रहेगा।
31 दिसंबर को शिरडी साईं मंदिर में रात्रि दर्शन
साईं बाबा के दर्शन करने जाने वाले भक्तों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। नए साल के स्वागत को देखते हुए 31 दिसंबर को रातभर साईं मंदिर दर्शन के लिए खुला रखने का फैसला लिया गया है. साथ ही भीड़ की संभावना को देखते हुए साईं संस्थान ने विशेष तैयारी की है.
