
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान की नैरेटिव मैनेजमेंट प्रणाली के बारे में बता की। उन्होंने पाकिस्तान के दुष्प्रचार की पोल खोली और तंज भी कसा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जीत दिमाग में ही होती है। इसलिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान अपने नागरिकों को यह विश्वास दिलाने में जुटा रहा कि कि हालिया संघर्ष में उसकी जीत हुई है। जनरल द्विवेदी ने आईआईटी मद्रास में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इसी तरह आप घरेलू आबादी, विरोधी की आबादी और तटस्थ आबादी को प्रभावित करते हैं।
सेना प्रमुख (सीओएएस) ने कहा, ‘नैरेटिव मैनेजमेंट प्रणाली एक ऐसी चीज है, जिसका हमें बड़े पैमाने पर एहसास होता है, क्योंकि जीत मन में होती है। यह हमेशा मन में रहती है। अगर आप किसी पाकिस्तानी से पूछें कि आप हारे या जीते, तो वह कहेगा कि मेरे आर्मी चीफ फील्ड मार्शल बन गए हैं, हम ही जीते होंगे, इसलिए वह फील्ड मार्शल बने हैं।’
सोशल मीडिया और अन्य मंचों का इस्तेमाल
भारतीय सेना ने पाकिस्तान की रणनीति का अपने तरीके से मुकाबला किया। जनता तक अपना संदेश पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया और अन्य मंचों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, ‘रणनीतिक संदेश बहुत महत्वपूर्ण था। इसीलिए हमने जो पहला संदेश दिया, वह था न्याय। मुझे बताया गया है कि आज दुनिया में हमें मिले सबसे ज्यादा हिट्स इसी संदेश पर थे।’
यह भी पढ़ें- Op Sindoor: ‘हमने शतरंज खेला, शह और मात दी’; ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में PAK कैसे घुटनों पर आया? सेना प्रमुख ने बताया
दो महिला अधिकारियों की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस का संदेश
सेना प्रमुख ने भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना की दो महिला अधिकारियों की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस की ओर इशारा करते हुए कहा कि रणनीतिक संदेश सरल था, लेकिन दुनिया भर में इसका असर देखा गया। सेना प्रमुख ने कहा, ‘दुनिया भर में जिस लोगो (चिह्न) को देखा जा रहा है, वह एक लेफ्टिनेंट कर्नल और एनसीओ ने तैयार किया था। जब हम ऑपरेशन कर रहे थे, तो हम इन चीजों पर भी काम कर रहे थे, क्योंकि नैरेटिव मैनेजमेंट सिस्टम महत्वपूर्ण है। इसमें बहुत समय और बहुत मेहनत लगी।’
‘ऑपरेशन सिंदूर’ पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की प्रतिक्रि
‘ऑपरेशन सिंदूर’ पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की प्रतिक्रिया थी। 22 अप्रैल को पाकिस्तानी आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों को मौत के घाट उतार दिया था। इस दौरान 26 पर्यटकों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। देश में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई। इसके बाद 7 मई को सुरक्षा बलों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इस दौरान 100 से ज्यादा आतंकवादियों का सफाया कर दिया गया। पहलगाम हमले में शामिल तीन आतंकवादियों को पिछले महीने ‘ऑपरेशन महादेव’ के दौरान सुरक्षा बलों ने मार गिराया था।