बिलबोर्ड की टॉप-20 लिस्ट में शामिल हुए 3 गाने, इनमें हरियाणा सरकार का बैन किया मासूम शर्मा का खटोला-2 भी कई बार विवाद भी खूब चर्चा का विषय बन जाते हैं। ऐसा ही कुछ हुआ है हरियाणा के गायक मासूम शर्मा के साथ।
हरियाणा सरकार ने मासूम शर्मा के कई गानों को इस लिए बैन कर दिया कि उनसे गन कल्चर को बढ़ावा मिल रहा था। मासूम शर्मा ने इसके खिलाफ आवाज भी उठाई और कहा कि अगर गाने बैन करने हैं तो सभी के करें।
मासूम शर्मा के गानों को बंद किए जाने के बाद उनके गानों को और अधिक तेजी से इंटरनेट पर सर्च किया जा रहा है। अब स्थिति यह है कि मासूम शर्मा के एक दो नहीं बल्कि तीन गाने खूब ट्रेंड कर रहे हैं।
इंटरनेशनल लेवल के म्यूजिक चार्ट बिलबोर्ड पर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के 3 गाने ट्रेंड कर रहे हैं। इनमें मासूम शर्मा के गाने ‘पिस्तौल’ और ‘चंबल के डाकू’ टॉप-10 में हैं, जबकि खटोला-2 14वें नंबर पर ट्रेंड कर रहा है। इनमें ‘खटोला-2’ हरियाणा सरकार बैन कर चुकी है।इसके अलावा म्यूजिक ऐप स्पॉटिफाई पर भी मासूम शर्मा के गाने ट्रेंडिंग में हैं।
बिलबोर्ड पर इंडिया के टॉप-15 गानों में हरियाणा के 3 गाने आना हरियाणवी इंडस्ट्री के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है और तीनों ही गाने मासूम शर्मा के हैं।
बिलबोर्ड के चार्ट पर आम तौर पर किसी स्टेट के गाने नहीं आते खासकर हरियाणा जैसे क्षेत्रफल में छोटे से राज्य के तो कभी नहीं। बिलबोर्ड पर बॉलीवुड के गानों का ही कब्जा रहता है। यहां वर्णनीय है कि पिछले साल हरियाणवी सिंगर ढांडा न्योलीवाला का ‘रशियन बंदाना’ गाना टॉप-20 में आया था।
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का गाना वॉच-आउट बिलबोर्ड की कैनेडियन लिस्ट में 33वां स्थान पर पहुंचा था। इससे पहले उनका गाना ‘295’ भी बिलबोर्ड पर आया था। दिलजीत दोसांझ के गाने भी बिलबोर्ड पर आए हैं।
हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई वाली भाजपा सरकार ने गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गाने बैन करने शुरू किए तो सबसे पहले 5 गाने बैन हुए, जिसमें 3 गाने मासूम शर्मा के थे। इससे मासूम शर्मा भड़क गए। उन्होंने बिना नाम लिए सरकार में रह रहे गायक गजेंद्र फोगाट के लिए कहा कि सरकार में बैठे एक व्यक्ति ने निजी खुन्नस निकाली है।
इसके बाद गजेंद्र फोगाट ने भी मासूम शर्मा का बिना नाम लिए कहा कि मासूम फेमस होने के लिए कॉन्ट्रोवर्सी कर रहे हैं। यह पुलिस का काम है। इसके बाद अचानक सरकार ने गजेंद्र फोगाट को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय में दिया कमरा खाली करा दिया।
अब सरकार ने उस कमरे को CM के मीडिया सेक्रेटरी को अलॉट कर दिया गया। इसके बाद गायक गजेंद्र फोगाट ने कहा कि हरियाणा के सिंगरों को पाकिस्तान से फंडिंग हो रही है। जिस वजह से गन कल्चर पर गाने बनाए जा रहे हैं।
इस पर मासूम शर्मा ने कहा कि वह (गजेंद्र फोगाट) हरियाणवी इंडस्ट्री का चला हुआ कारतूस है, जो गलती से करीब 20 साल पहले एक बार चला था। इसके बाद उसका तुक्का कभी नहीं लगा।
इसके बाद गायक मासूम शर्मा के फैंस गजेंद्र फोगाट को लगातार ट्रोल करने लगे। वहीं फोगाट के हक में जाट सिंगर-कलाकार की लॉबी जुटने लगी। जिसके बाद मासूम शर्मा लाइव आए और कहा कि उन्हें सभी जातियों का सहयोग मिलता है।