
भारत बनाम बांग्लादेश सीरीज
भारत बनाम बांग्लादेश सीरीज: इस साल भारत और बांग्लादेश के बीच सीरीज खेली जाएगी। वैसे तो यह सीरीज साल 2025 में होनी थी, लेकिन उस वक्त इसे स्थगित कर दिया गया था, लेकिन अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इसे लेकर बड़ा बयान जारी किया है. बांग्लादेश ने इस साल के लिए अपना होम कैलेंडर भी जारी कर दिया है. खास बात यह है कि भारतीय टीम अगस्त से सितंबर तक इस दौरे पर रहेगी, जहां वनडे और टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली जाएगी. हालांकि, बीसीसीआई की ओर से अभी तक इस बारे में कोई बयान नहीं आया है.
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने कैलेंडर की घोषणा की
बांग्लादेश ने साल 2026 के लिए अपने कैलेंडर की घोषणा कर दी है. खास बात ये है कि पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के अलावा भारतीय टीम भी वहां के दौरे पर जाएगी. अब तक मिली जानकारी के मुताबिक टीम इंडिया बांग्लादेश में तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेलती नजर आएगी. कुछ सूत्रों से इसका शेड्यूल भी सामने आ गया है, लेकिन बीसीसीआई ने अभी इसे जारी नहीं किया है.
वनडे सीरीज 1 सितंबर से शुरू होगी
इस बीच क्रिकबज ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के ऑपरेशंस हेड शहरयार नफीस के हवाले से बताया है कि जो सीरीज पहले 2025 में खेली जानी थी, उसे रिशेड्यूल कर दिया गया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि टीम इंडिया 28 अगस्त को बांग्लादेश पहुंचेगी. इसके बाद पहला वनडे मैच 1 सितंबर को खेला जाएगा. सीरीज का दूसरा मैच 3 सितंबर और तीसरा और आखिरी वनडे मैच 6 सितंबर को होना है.
भारत बनाम बांग्लादेश टी20 सीरीज का शेड्यूल कुछ इस तरह होगा
इसके बाद तीन टी20 मैचों की सीरीज का शेड्यूल भी सामने आ गया है. बताया गया है कि सीरीज का पहला मैच 9 सितंबर को होगा. दूसरा मैच 12 सितंबर को और आखिरी टी20 मैच 13 सितंबर को खेला जाएगा. हालांकि अभी बांग्लादेश में हालात अच्छे नहीं हैं, ऐसे में टीम इंडिया वहां दौरा करेगी या नहीं, इसे लेकर तस्वीर साफ नहीं है. माना जा रहा है कि सीरीज से पहले बीसीसीआई रिपोर्ट जरूर मांगेगा. इतना ही नहीं, ये जो शेड्यूल दिया गया है वो बांग्लादेश की ओर से बताया गया है, जब तक बीसीसीआई की ओर से सीरीज की घोषणा नहीं हो जाती, तब तक निश्चित तौर पर कुछ भी कहना सही नहीं होगा.
ये भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी करेंगे कप्तानी, कितने बजे शुरू होगा भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच?
बिना खेले टीम इंडिया से बाहर होगा ये खिलाड़ी, क्या न्यूजीलैंड का सीरीज में होगा सूपड़ा साफ?
