
ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम, तिरुवनंतपुरम।
भारत और श्रीलंका महिला टीम के बीच खेली जाने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज पर सभी फैंस की नजरें टिकी हुई हैं. साल 2026 में जून महीने में खेले जाने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले अपनी तैयारियों को बेहतर करने के लिए टीम इंडिया के लिए यह सीरीज बेहद अहम होने वाली है. इस टी20 सीरीज के पहले दो मैच विशाखापत्तनम के स्टेडियम में खेले गए थे, जिसमें टीम इंडिया दोनों आसानी से जीतने में कामयाब रही. अब कारवां तिरुवनंतपुरम पहुंच चुका है, जहां सीरीज का तीसरा मैच ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां की पिच पर सबकी नजरें टिकी हैं.
यहां की पिच बल्लेबाजी के लिए उपयुक्त हो सकती है
तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में अब तक महिला क्रिकेट का कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला गया है. वहीं, इस स्टेडियम में पुरुष टी20 इंटरनेशनल के चार मैच खेले जा चुके हैं, जिसके बाद पिच के बारे में अनुमान लगाया जा सके तो रिकॉर्ड के मुताबिक, यह बल्लेबाजी के लिए काफी उपयुक्त हो सकती है. इन चार मुकाबलों में जहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 2 मैच जीते हैं, वहीं लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम भी 2 मैच जीतने में कामयाब रही है. ऐसे में टॉस की भूमिका काफी अहम रहने वाली है क्योंकि जीतने वाली टीम के लिए यह तय करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है कि पहले गेंदबाजी करें या बल्लेबाजी. यहां पहली पारी के औसत स्कोर की बात करें तो यह 140 से 145 रन के बीच देखने को मिला है.
टीम इंडिया की नजरें सीरीज में अजेय बढ़त लेने पर हैं
भारतीय महिला टीम आईसीसी वनडे विश्व कप खिताब जीतने के बाद अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेल रही है, जिसमें अब उनकी नजर टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतने पर है. इस सीरीज के पहले दो मैचों में टीम इंडिया के गेंदबाजों और बल्लेबाजों का दबदबा साफ नजर आया. अब तीसरे मैच में भारतीय टीम सीरीज में अजेय बढ़त लेने की कोशिश करेगी, ताकि टीम में शामिल अन्य नए खिलाड़ियों को भी बाकी 2 मैचों में खेलने का मौका मिल सके.
ये भी पढ़ें
दीप्ति शर्मा के पास इतिहास रचने का मौका, T20I में ऐसा करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनेंगी
टीम इंडिया में वापसी की तैयारी में जुटे स्टार खिलाड़ी, अक्टूबर में खेला था आखिरी मैच
