
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को बंगलूरू के फ्रीडम पार्क में आयोजित वोट अधिकार रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव भी फर्जी वोटों के कारण हारा था। खरगे ने कहा कि मोदी सरकार चोरी की सरकार है। देश को फर्जी वोटों से रुला रही है। मैंने 2019 में कहा था कि कांग्रेस फर्जी वोटों के चलते हारी। अब वो बात सच साबित हो रही है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के इशारे पर काम करता है।
बंगलूरू की वोटिंग पर गंभीर आरोप
खरगे ने कहा कि बंगलरू की महादेवपुरा विधानसभा सीट पर 6.6 लाख वोटों का सत्यापन हुआ है और यह धोखेबाज चुनाव था। उनका आरोप है कि चुनाव आयोग तय करता है कि कहां वोट कम हों और कहां ज्यादा, ताकि भाजपा को फायदा मिले। खरगे ने कहा कि महाराष्ट्र, कर्नाटक और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी भाजपा ने गैरकानूनी तरीके से जीत हासिल की है।
ये भी पढ़ें:- Rahul Gandhi: ‘राहुल गांधी नाजी जैसी निरंकुश मानसिकता दर्शा रहे’, भाजपा का नेता विपक्ष पर बड़ा आरोप
उन्होंने चेतावनी दी कि यह सरकार ज्यादा दिन नहीं चलेगी, हम जनता के बीच जाकर उन्हें सबक सिखाएंगे। इसके साथ ही खरगे ने बताया कि 11 अगस्त को इंडिया गठबंधन के सांसद दिल्ली में चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च करेंगे और वोटिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करेंगे।
ये भी पढ़ें:- Shashi Tharoor: ‘लोकतंत्र की साख बचाना जरूरी, EC जल्द करे कार्रवाई’, राहुल गांधी को मिला शशि थरूर का साथ
खरगे ने की संविधान की रक्षा की बात
इसके साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे ने महात्मा गांधी के नारे करो या मरो को दोहराया। उन्होंने कहा कि अब संविधान की रक्षा के लिए भी हमें यही करना होगा। राहुल गांधी ने भी कहा कि संविधान बाबा साहब अंबेडकर, महात्मा गांधी, नेहरू और सरदार पटेल की आवाज है, और कांग्रेस उसे हर हाल में बचाएगी।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
इससे पहले विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों की वोटर लिस्ट और मतदान केंद्रों की वीडियो रिकॉर्डिंग तुरंत सार्वजनिक की जाए। उन्होंने कहा कि हमारी पोलिंग रिपोर्ट में हमें कर्नाटक में 16 सीटों पर बढ़त थी, लेकिन नतीजों में सिर्फ 9 मिलीं। हमने चुनाव आयोग से लिस्ट और सीसीटीवी फुटेज मांगी, लेकिन हमें कुछ नहीं मिला। फिर कानून ही बदल दिया गया।