नालन्दा मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह बुधवार की शाम बिहारशरीफ पहुंचे, जहां अनंत सिंह अपने पुराने अंदाज में मूंछों पर ताव देते दिखे. समर्थकों ने जब विधायक को देखा तो ‘देखो कौन आया…शेर आया’ के नारे लगाने लगे. अनंत सिंह का समर्थकों ने फूल मालाओं से स्वागत किया.
निशांत कुमार बनें सीएम: अनंत सिंह
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया. मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर अनंत सिंह ने साफ कहा कि ये सारी संभावनाएं बेबुनियाद हैं. अनंत सिंह के मुताबिक नीतीश कुमार के बाद उनके बेटे निशांत कुमार मुख्यमंत्री बनने के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार हैं. उन्होंने निशांत कुमार को शिक्षित, ईमानदार और अच्छा व्यक्तित्व वाला बताया. उन्होंने यह भी कहा कि अगर नीतीश कुमार चुनाव नहीं लड़ेंगे तो वह भी आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे और उनकी जगह उनका बेटा चुनाव लड़ेगा.
पत्रकारों ने अनंत सिंह से पूछा कि क्या नीतीश कुमार इस्तीफा देकर दिल्ली जाने वाले हैं. अटकलें हैं कि सम्राट चौधरी सीएम बन सकते हैं, आपकी क्या इच्छा है? इसका जवाब देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा ये तो बनाने वाले ही जानें. हम चाहते हैं कि नीतीश कुमार का बेटा बिहार का सीएम बने.
यहां देखें वीडियो
नीतीश कुमार को लेकर कही ये बात
वहीं, नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने हल्के अंदाज में कहा कि दिल्ली कोई पराया देश नहीं है, वहां लोग आते-जाते रहते हैं. आपको बता दें कि नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद चुने गए हैं और वह जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं. 30 मार्च के बाद बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है.
यहां देखें वीडियो
रिपोर्ट- शिव कुमार,नालंदा
