
उन्नाव रेप मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
उत्तर प्रदेश के उन्नाव रेप मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है. आरोपी कुलदीप सेंगर को जमानत देने के दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ सीबीआई ने याचिका दायर की है. सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी.
रेप पीड़िता पहुंची सीबीआई दफ्तर
इससे पहले शनिवार को रेप पीड़िता पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सेंगर की जमानत के खिलाफ दिल्ली स्थित सीबीआई दफ्तर पहुंची थी. जहां उन्होंने जमानत के खिलाफ अर्जी दाखिल की. 23 दिसंबर को दिल्ली हाई कोर्ट ने कुलदीप सेंगर को सशर्त जमानत दे दी थी. इसके बाद से ही विरोध प्रदर्शन जारी है.
कुलदीप सिंह सेंगर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
उस दिन से रेप पीड़िता, उसकी मां और एक्टिविस्ट योगिता भयाना विरोध प्रदर्शन कर रही हैं. इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं. सभी प्रदर्शनकारी सुप्रीम कोर्ट से कुलदीप सिंह सेगर की जमानत रद्द करने की मांग कर रहे हैं.
इस मामले की सुनवाई सीजेआई की बेंच करेगी
आज सुप्रीम कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जेके माहेश्वरी और ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ इस याचिका पर सुनवाई करेगी. सीबीआई द्वारा दायर याचिका के अलावा, सुप्रीम कोर्ट उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती देने वाली वकील अंजले पटेल और पूजा शिल्पकार द्वारा दायर एक अलग याचिका पर भी सुनवाई करेगा।
हाईकोर्ट ने सजा रद्द कर दी थी
दिल्ली उच्च न्यायालय ने 23 दिसंबर को 2017 के उन्नाव बलात्कार मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कुलदीप सिंह सेंगर की जेल की सजा रद्द कर दी थी और कहा था कि वह पहले ही सात साल और पांच महीने जेल में बिता चुके हैं।
