
मिचेल स्टार्क
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज टेस्ट सीरीज का पांचवां मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर शुरू हो गया है। इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. इस मैच में भी इंग्लैंड के लिए बेन डकेट और जैक क्रॉली ने पारी की शुरुआत की. इन दोनों ने टीम को तेज शुरुआत देने की कोशिश की लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके. इस मैच में बेन डकेट 27 रन बनाकर आउट हुए. उन्हें एक बार फिर मिचेल स्टार्क ने आउट किया.
मिचेल स्टार्क ने बेन डकेट को 8 बार आउट किया है
दरअसल, मिचेल स्टार्क धीरे-धीरे बेन डकेट के लिए बुरा सपना बनते जा रहे हैं। डकेट उनके खिलाफ टेस्ट में अब तक आठ बार आउट हो चुके हैं। इस सीरीज में वह स्टार्क के खिलाफ पांच बार आउट हुए हैं। इस गेंदबाज के खिलाफ उन्होंने अब तक 183 गेंदों में 173 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 94.53 और औसत 21.62 रहा है. डकेट ने इस गेंदबाज के खिलाफ रन जरूर बनाए हैं लेकिन वह कई बार आउट भी हुए हैं।
बेन डकेट ने हाल ही में 3000 टेस्ट रन पूरे किये थे.
बेन डकेट ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट में अपने 3000 रन पूरे किये. वह टेस्ट में सबसे कम गेंदों में 3000 रन पूरे करने वाले दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन गए। बेन डकेट ने 2016 में इंग्लैंड टीम के लिए टेस्ट डेब्यू किया था. इसके बाद उन्होंने टीम के लिए कुल 42 मैच खेले, जिसमें उनके बल्ले से 3005 रन बने. इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 16 अर्धशतक लगाए हैं. इसके अलावा वनडे क्रिकेट में उनके नाम 1237 रन भी हैं.
सिडनी टेस्ट में इंग्लैंड के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज फेल हो गए
पांचवें टेस्ट मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने पहले दिन के लंच ब्रेक तक 24 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 114 रन बना लिए हैं. पहले दिन के पहले सत्र में इंग्लैंड के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके. जैक क्रॉली 16 रन, बेन डकेट 27 और जैकब बेथेल 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे. अब इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट पर यहां से बड़ी पारी खेलने की जिम्मेदारी होगी. ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्टार्क, माइकल नेसर और स्कॉट बोलैंड एक-एक विकेट लेने में सफल रहे हैं।
ये भी पढ़ें
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले चोटिल हुआ स्टार खिलाड़ी, इस टीम की बढ़ी टेंशन!
