
दिल्ली-एनसीआर में विजिबिलिटी काफी कम रही.
आधी रात के बाद से दिल्ली-एनसीआर घने कोहरे की चादर से ढका हुआ है, जिसके कारण दृश्यता काफी कम हो गई है। कुछ इलाकों में दृश्यता पांच मीटर से भी कम है. सड़कों पर अंधेरा है और ट्रैफिक की रफ्तार भी थम गई है. सड़कों पर पार्किंग लाइटें जलाकर वाहन रेंगते नजर आए। नोएडा और गाजियाबाद में आज स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है, इन दोनों जिलों में स्कूल 1 जनवरी तक बंद रहेंगे.
दिल्ली में AQI 400 के पार
कोहरे के कारण प्रदूषण भी बढ़ गया है. दिल्ली के कई इलाकों में AQI लेवल 400 के पार पहुंच गया है. आनंद विहार और राजघाट के पास AQI 400 के पार पहुंच गया है. ऊपर से घने कोहरे ने परेशानी बढ़ा दी है, इसलिए आज घर से निकलने से पहले मौसम का हाल जरूर देख लें.
दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया
इस कोहरे का असर फ्लाइट्स और ट्रेनों पर भी पड़ा है, इसलिए अगर आप यात्रा कर रहे हैं तो अपनी फ्लाइट या ट्रेन का शेड्यूल चेक करने के बाद ही बाहर निकलें। जो लोग कार चलाकर बाहर जा रहे हैं उन्हें फॉग लैंप जला लेना चाहिए और पार्किंग लाइट भी जला लेनी चाहिए.
दिल्ली में घने कोहरे के कारण हवाई सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गई हैं. गोवा से दिल्ली आने वाली फ्लाइट को अहमदाबाद डायवर्ट कर दिया गया है. दिल्ली जाने वाली ज्यादातर उड़ानों को नजदीकी हवाई अड्डे जयपुर की ओर मोड़ दिया गया है, जिसके कारण जयपुर हवाई अड्डे पर हवाई यातायात के भारी दबाव के कारण अब उड़ानों को अहमदाबाद की ओर मोड़ा जा रहा है।
दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है. एडवाइजरी में कहा गया है, “घने कोहरे के कारण उड़ान संचालन वर्तमान में कैट III स्थितियों में किया जा रहा है, जिससे देरी हो सकती है और उड़ान रद्द हो सकती है। हमारी ग्राउंड टीमें सुचारू यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से यात्रियों की सहायता कर रही हैं। हमें होने वाली किसी भी असुविधा के लिए खेद है।”
