
कैंसर के शुरुआती लक्षण
अक्सर कैंसर पहली या दूसरी स्टेज में पकड़ में नहीं आता। जब तक कैंसर तीसरे और चौथे चरण में पहुंचता है, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। ऐसे में मरीज की मौत का खतरा काफी बढ़ जाता है और इलाज भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि शुरुआत में कैंसर को पकड़ना इतना मुश्किल क्यों हो जाता है। आइए डॉक्टर से जानते हैं कि पहली और दूसरी स्टेज में कैंसर पकड़ में क्यों नहीं आता है। कैंसर के पहले और दूसरे चरण में कौन से लक्षण दिखाई देते हैं? जिससे कैंसर का पूर्वानुमान लगाया जा सकता है।
डॉ. वैशाली जमरे (निदेशक सर्जिकल ऑन्कोलॉजी एवं हेड, ब्रेस्ट कैंसर सर्जरी, एंड्रोमेडा कैंसर हॉस्पिटल, सोनीपत) के अनुसार, इसका मुख्य कारण यह है कि कैंसर अक्सर प्रारंभिक चरण में शांत रहता है। कैंसर के शुरुआती लक्षण अक्सर अन्य सामान्य बीमारियों के समान होते हैं, इसलिए पहले अंतर बताना मुश्किल हो सकता है।
कैंसर के चरण 1 और चरण 2 में लक्षण दिखाई देते हैं
प्रारंभिक कैंसर में अक्सर दर्द नहीं होता है, इसलिए लोग मानते हैं कि समस्या गंभीर नहीं है। इसके लक्षण बहुत हल्के भी हो सकते हैं – जैसे लगातार थकान, हल्की सूजन, एसिडिटी या बिना कारण वजन कम होना। लोग इन लक्षणों को आम समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। बहुत से लोग स्क्रीनिंग टेस्ट को टालते रहते हैं और सोचते हैं कि “मैं अभी ठीक हूं, बाद में करा लूंगा।”
पहली या दूसरी स्टेज में कैंसर का पता क्यों नहीं चलता?
कैंसर को लेकर लोगों में काफी डर है. गाँवों या छोटी जगहों पर कैंसर को एक शर्मनाक बीमारी माना जाता है। लोगों में डर और झिझक भी एक बड़ा कारण है. खासकर स्तन या प्राइवेट पार्ट्स से जुड़ी जांचों को लेकर महिलाओं में जागरूकता की कमी है। इसके अलावा कम उम्र में कैंसर होने की संभावना कम मानी जाती है, इसलिए युवाओं और कभी-कभी डॉक्टरों को भी शुरुआत में इसका संदेह नहीं होता है। याद रखने वाली बात बहुत सरल है, अगर शरीर में कोई भी लक्षण नया है, लगातार बना हुआ है या धीरे-धीरे बढ़ रहा है तो उसकी जांच जरूर करानी चाहिए। चाहे किसी तरह का दर्द हो या नहीं.
