नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रोहिणी इलाके में बदमाशों के साथ मुठभेड़ में 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है. इस मुठभेड़ में दोनों बदमाशों को गोली लगी. दोनों घायल अपराधी हाल ही में बवाना में हुए एक हत्याकांड में शामिल थे, जबकि उनका तीसरा साथी भी पुलिस की गिरफ्त में है. पुलिस के मुताबिक, यह मुठभेड़ रोहिणी सेक्टर-28 में हुई. पुलिस टीम जब बदमाशों को पकड़ने के लिए जाल बिछाकर इंतजार कर रही थी तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी.
घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है
खबरों के मुताबिक पुलिस ने दोनों घायल अपराधियों को अस्पताल में भर्ती कराया है. दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में कहा, ‘रोहिणी इलाके में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के साथ मुठभेड़ के बाद 3 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में पुलिस की फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए. दोनों अपराधी हाल ही में बवाना में हुए हत्याकांड में शामिल थे. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बवाना हत्याकांड के आरोपी रोहिणी इलाके में आ रहे हैं. इसी सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने वहां नाकाबंदी कर दी थी. बदमाशों द्वारा फायरिंग करने पर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की.
रवि भारद्वाज नाम के शख्स की हत्या कर दी गई
19 मार्च को बवाना के हरेवली गांव में रवि भारद्वाज नाम के शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हमले में उनके पिता और तीन अन्य लोग भी घायल हो गये. पुलिस के मुताबिक ये हमला गैंगवार का नतीजा था. हत्याकांड के कथित मुख्य शूटर 20 वर्षीय आकाश उर्फ बिट्टू उर्फ खुड्डी को गुरुवार को बिहार के बेगुसराय से गिरफ्तार किया गया. आकाश मूल रूप से दिल्ली के नांगल ठाकरान का रहने वाला है और टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का मुख्य गुर्गा बताया जाता है। पुलिस अब घायल बदमाशों से पूछताछ कर पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है.
