
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास अपना घर बनाने का सपना देखने वालों के लिए नया साल बड़ी खुशखबरी लेकर आ रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) नए साल की शुरुआत में एक बड़ी आवासीय भूखंड योजना शुरू करने की तैयारी में है। इस योजना से न सिर्फ हजारों लोगों को घर बनाने का मौका मिलेगा, बल्कि एयरपोर्ट क्षेत्र में रियल एस्टेट गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.
YEIDA पहली बार सेक्टर-5 में आवासीय भूखंड योजना लॉन्च करने जा रहा है। इस सेक्टर में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है, जिसका काफी हिस्सा प्राधिकरण पहले ही खरीद चुका है। प्रस्तावित योजना के तहत लगभग 4000 आवासीय भूखंड उपलब्ध कराये जायेंगे। ये प्लॉट 200 वर्ग मीटर, 300 वर्ग मीटर और 450 वर्ग मीटर के साइज में होंगे. यह योजना नए साल में लॉन्च की जाएगी, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
सीईओ ने दी जानकारी
YEIDA के सीईओ राकेश कुमार सिंह के मुताबिक, सेक्टर-5 में आवासीय भूखंड योजना की तैयारी अंतिम चरण में है। यह नोएडा एयरपोर्ट के पास पहली आवासीय योजना होगी, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और निवेश क्षमता दोनों बढ़ेगी।
अन्य सेक्टरों में प्लॉट
इसके अलावा प्राधिकरण सेक्टर 15सी, 18 और 24ए में करीब 973 आवासीय भूखंडों की योजना भी लाने जा रहा है। इन योजनाओं के लिए यूपी रेरा में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चल रही है. रेरा से मंजूरी मिलते ही ये योजनाएं भी लॉन्च कर दी जाएंगी। इनमें से 755 भूखंड सामान्य श्रेणी के होंगे, जिनका आकार 162 वर्ग मीटर से 290 वर्ग मीटर के बीच होगा। सबसे अधिक संख्या में प्लॉट 162 वर्ग मीटर (476) और 200 वर्ग मीटर (481) श्रेणी में होंगे।
प्लॉटों की भारी मांग
दरअसल, YEIDA क्षेत्र में आवासीय भूखंडों की मांग बहुत अधिक है। स्थिति यह है कि कुछ सौ प्लॉट के लिए भी आवेदन करने वालों की संख्या लाखों में पहुंच जाती है। यही कारण है कि प्राधिकरण की आय का बड़ा हिस्सा भूखंड योजनाओं पर निर्भर करता है। चालू वित्तीय वर्ष के अंतिम तीन महीनों में राजस्व लक्ष्य को पूरा करने के लिए, YEIDA ने आवासीय और औद्योगिक भूखंड योजना शुरू करने का निर्णय लिया है, जिसके लिए खाली भूखंडों की पहचान की जा रही है।
2009 के बाद बड़ी योजना
गौरतलब है कि साल 2009 में YEIDA ने पहली बड़ी आवासीय प्लॉट योजना लॉन्च की थी, जिसमें करीब 21 हजार प्लॉट आवंटित किए गए थे. इसके बाद इतनी बड़ी कोई योजना नहीं आई। ऐसे में नए साल में आने वाली 4,000 प्लॉट की इस योजना को 2009 के बाद दूसरी सबसे बड़ी आवासीय योजना माना जा रहा है.
