
झारखंड में प्रेमिका ने की प्रेमी की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
रांची: झारखंड के सरायकेला खरसावां जिले में हत्या की एक वारदात सामने आई है. यहां पुलिस ने हत्या के आरोप में दो बहनों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि मृत युवक की पहचान विजय कुमार दास (29) के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, युवक 24 फरवरी से लापता था, जिसकी शिकायत दर्ज करायी गयी थी. शिकायत दर्ज होने के बाद से पुलिस युवक की तलाश कर रही थी। हालांकि, विजय कुमार दास का शव 7 मार्च को रांची जिले के दलादली चौकी के टेंगरिया गांव के एक कुएं से बरामद किया गया था. शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अब हत्या के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
शादी से इनकार करने पर हत्या
पुलिस अधिकारी ने कहा कि युवक के लापता होने के बाद 3 मार्च को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई थी। एसपी (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर ने कहा, “आरोपी ने पीड़ित की गला काटकर हत्या कर दी। विजय कुमार दास का रोशनी देवी (29) के साथ अवैध संबंध था। रोशनी उस पर शादी के लिए दबाव डाल रही थी, लेकिन वह इनकार कर रहा था। इसके बाद रोशनी ने अपनी बहन सीमा देवी (35) और भाई भूपेश बैठा (27) के साथ मिलकर दास की हत्या की साजिश रची।” एसपी (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर ने बताया कि रोशनी विजय को बेड़ो के जरिया गांव स्थित अपने निर्माणाधीन मकान में ले गयी. शराब पिलाने के बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी.
शव को बोरे में भरकर कुएं में फेंक दिया
एसपी ग्रामीण ने बताया कि हत्या करने के बाद घटना को छिपाने के लिए शव को बोरे में भरकर बाइक पर लादकर टेंगरिया ले गये. यहां उन्होंने शव को कुएं में फेंक दिया। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का शव और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई है. इसके अलावा मुख्य आरोपी रोशनी देवी के घर से हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है. अधिकारी के मुताबिक, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
ये भी पढ़ें-
तेलंगाना में दर्दनाक हादसा, करंट लगने से दो लोग जिंदा जले; सामने आया वीडियो
