
बांग्लादेश में प्रदर्शन
ढाका: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में शाहबाग इलाके में मारे गए छात्र नेता उस्मान हादी के लिए न्याय की मांग कर रहे पुलिस और इंकलाब मंच के कार्यकर्ताओं के बीच शुक्रवार शाम फिर झड़प हो गई। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई झड़पों में ढाका-18 से निर्दलीय उम्मीदवार मोहिउद्दीन रोनी सहित लगभग 40 से 50 लोग घायल हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले और साउंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया। यह प्रदर्शन बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के आवास के सामने हुआ.
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस और इंकलाब मंच के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प शाम करीब 7:50 बजे शुरू हुई जब पुलिस शाहबाग चौराहे से प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश कर रही थी। दोपहर से ही तनाव बना हुआ था क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने न्याय और उस्मान हादी की हत्या की संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में जांच की मांग की थी। समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि पुलिस ने पुष्टि की कि झड़प के बाद लगभग 50 कार्यकर्ताओं को इलाज के लिए ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया।
उस्मान हादी कौन थे?
उस्मान हादी बांग्लादेश में 2024 के हिंसक विरोध प्रदर्शन के एक प्रमुख कार्यकर्ता थे। जुलाई 2024 में हुए इस विद्रोह के कारण तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग सरकार को देश छोड़कर भारत में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। 12 फरवरी को होने वाले संसदीय चुनाव में उस्मान हादी भी उम्मीदवार थे. उस्मान हादी को 12 दिसंबर 2025 को राजधानी ढाका में चुनाव प्रचार के दौरान गोली मार दी गई थी और बाद में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
अंतरिम सरकार का रुख
मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने उस्मान हादी हत्या मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यूनुस के प्रेस सचिव शफीकुल आलम ने कहा कि सरकार पूरी निष्पक्षता और न्याय सुनिश्चित करने के लिए जांच को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त (ओएचसीएचआर) के कार्यालय को सौंपने के लिए कहेगी। झड़पों के बाद अपने बयान में, यूनुस के कार्यालय ने दोहराया कि अंतरिम सरकार संयुक्त राष्ट्र जांच के “कानूनी पहलुओं की गहराई से समीक्षा” कर रही है और 8 फरवरी को संबंधित संयुक्त राष्ट्र एजेंसी को एक पत्र भेजेगी।
