
बीएसएफ, मेघालय पुलिस ने हादी के हत्यारों के भारत में घुसने के बांग्लादेश के दावे को खारिज कर दिया
मेघालय: बांग्लादेश में इंकलाब मंच के संयोजक उस्मान हादी की हत्या को लेकर जारी हिंसा के बाद हड़कंप मच गया है. इस बीच बांग्लादेश पुलिस का दावा है कि हादी के हत्यारे भारत में घुस चुके हैं. हालांकि, मेघालय की सुरक्षा एजेंसियों ने रविवार को बांग्लादेश पुलिस के इस दावे को खारिज कर दिया है.
गौरतलब है कि 12 दिसंबर को ढाका में चुनाव प्रचार के दौरान हादी को सिर में गोली मार दी गई थी. बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए हवाई जहाज से सिंगापुर ले जाया गया, लेकिन 18 दिसंबर को उनकी चोटों के कारण मृत्यु हो गई।
बीएसएफ ने क्या कहा?
मेघालय में बीएसएफ के मुख्य महानिरीक्षक ओपी उपाध्याय ने कहा, “ये दावे निराधार और भ्रामक हैं। कोई सबूत नहीं मिला है, न ही ऐसी कोई जानकारी मिली है कि किसी व्यक्ति ने हलुआघाट सेक्टर से मेघालय में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार की है। बीएसएफ ने न तो ऐसी कोई घटना देखी है और न ही ऐसी कोई रिपोर्ट मिली है।”
बांग्लादेश के दावों पर मेघालय के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने भी बयान दिया है. उन्होंने कहा, “ऐसा कोई इनपुट या खुफिया जानकारी नहीं है कि संदिग्ध गारो हिल्स इलाके में मौजूद थे।” उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय पुलिस इकाइयों ने ऐसी कोई गतिविधि नहीं देखी है और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय जारी है.
बांग्लादेश पुलिस ने हादी हत्याकांड के आरोपियों के बारे में क्या दावा किया?
बांग्लादेश पुलिस ने दावा किया है कि हादी हत्याकांड के 2 संदिग्ध भारत भाग गए हैं. इस दावे से एक दिन पहले, ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने दावा किया था कि हादी हत्याकांड के दो मुख्य संदिग्ध “स्थानीय सहयोगियों की मदद से” हलुआघाट सीमा के माध्यम से मेघालय में दाखिल हुए थे।
ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध और संचालन) एसएन मोहम्मद नजरूल इस्लाम ने डीएमपी मीडिया सेंटर में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “संदिग्ध फैसल करीम मसूद और आलमगीर शेख स्थानीय सहयोगियों की मदद से भारतीय राज्य मेघालय में दाखिल हुए।”
डेली स्टार ने इस्लाम के हवाले से कहा, “हमारी जानकारी के अनुसार, संदिग्धों ने हलुआघाट सीमा के माध्यम से भारत में प्रवेश किया। सीमा पार करने के बाद, उन्हें शुरुआत में पूर्ति नाम के एक व्यक्ति ने प्राप्त किया। बाद में, सामी नाम के एक टैक्सी चालक ने उन्हें मेघालय के तुरा शहर तक पहुंचाया।”
