
नित्यानंद राय और सम्राट चौधरी. फ़ाइल
पटना: बिहार में बीजेपी पहली बार अपना मुख्यमंत्री बना सकती है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जायेंगे. वह गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। सूत्रों ने यह भी बताया कि नीतीश कुमार जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं. इसके बाद बीजेपी अपना मुख्यमंत्री बना सकती है.
सीएम पद के लिए नित्यानंद राय का नाम सबसे आगे
बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए नित्यानंद राय का नाम सबसे आगे है. नित्यानंद राय बिहार की उजियारपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं और केंद्र सरकार में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हैं. नित्यानंद यादव समुदाय से आते हैं. जो राजद का वोट बैंक माना जाता है. वहीं डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को भी सीएम पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है.
निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है
सूत्रों ने बताया कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत को बिहार सरकार में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है. निशांत कुमार गुरुवार को आधिकारिक तौर पर जेडीयू में शामिल हो सकते हैं. जेडीयू में शामिल होने के बाद निशांत को बिहार सरकार में डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है.
वहीं, जेडीयू कोटे से मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि निशांत का राजनीति में आना तय है, मैं समय और तारीख तय नहीं कर सकता, लेकिन बड़े नेता मिल-बैठकर समय तय करेंगे, किस जगह पर रखेंगे, उन्हें रखने से पार्टी मजबूत होगी और लंबे समय से जो मांग चल रही थी, जिससे पार्टी मजबूत होगी और ठीक से चलेगी.
नीतीश कुमार 9 अप्रैल तक मुख्यमंत्री पद पर बने रह सकते हैं
जानकारी के मुताबिक, 16 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन करने और निर्विरोध चुने जाने (अगर वोटिंग नहीं हुई) के बाद भी नीतीश कुमार 9 अप्रैल तक मुख्यमंत्री बने रह सकते हैं, क्योंकि मौजूदा राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल 9 अप्रैल तक है. ऐसे में इसी बीच एनडीए विधायक दल की बैठक होगी और तय हो जाएगा कि बिहार का नया सीएम कौन होगा.
नीतीश कुमार दाखिल करेंगे नामांकन
आपको बता दें कि राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 5 मार्च यानी गुरुवार है. नामांकन के आखिरी दिन एनडीए के सभी उम्मीदवारों का नामांकन होगा. माना जा रहा है कि नीतीश कुमार सुबह 11.30 बजे अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं.
