
प्रतीकात्मक तस्वीर
मुंबई में आगामी चुनाव को लेकर कांग्रेस गठबंधन में शामिल वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) को बड़ा झटका लगा है। प्रकाश अंबेडकर के नेतृत्व वाली वीबीए मुंबई में उसे आवंटित सीटों में से 16 के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित करने में विफल रही है।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे के समझौते के तहत वीबीए को मुंबई में कुल 62 सीटें दी गई थीं, हालांकि, उपयुक्त उम्मीदवारों की कमी और कुछ संभावित उम्मीदवारों के अधूरे दस्तावेजों के कारण वीबीए इन सीटों पर नामांकन दाखिल नहीं कर सका। बताया जा रहा है कि वीबीए ने कांग्रेस नेतृत्व को जानकारी दी है कि कांग्रेस 16 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है. इसके बाद कांग्रेस ने मुंबई में उम्मीदवारों की सूची और मजबूत कर दी है.
अब तक कांग्रेस ने मुंबई में 143 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. वहीं वीबीए कुल 46 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. इसके अलावा गठबंधन की कुछ सीटें वामपंथी दलों और राष्ट्रीय समाज पार्टी (आरएसपी) जैसे अन्य सहयोगियों को भी दी गई हैं। इस तरह कांग्रेस, वीबीए और अन्य सहयोगी दल मिलकर कुल 195 सीटों पर चुनावी मैदान में हैं.
आज शाम तक यह साफ हो जाएगा कि मुंबई में कांग्रेस और वंचित बहुजन के बीच कितनी सीटों का फॉर्मूला है और इसका औपचारिक आंकड़ा क्या है. हालांकि, अगर इस गठबंधन के शुरुआती समीकरण की बात करें तो कांग्रेस 150 सीटों पर और वंचित बहुजन 62 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली थी.
