
माघ मास 2026
माघ माह का महत्व: माघ का महीना स्नान, दान और पूजा-पाठ के लिए बहुत अच्छा माना जाता है। इस महीने में ऐसा करने से आपके धन में बरकत होगी और घर में हमेशा खुशियां बनी रहेंगी। माघ महीना 3 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक रहेगा। इस दौरान आप स्नान, दान, जप, तप और पूजा करके पुण्य फल प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा माघ महीने में भगवान विष्णु की पूजा जरूर करें।
यह माह नारायण को अत्यंत प्रिय है इसलिए इसे माधव माह भी कहा जाता है। साथ ही माघ महीने में सूर्य देव की पूजा करने की भी परंपरा है। ऐसा करने से आपको स्वस्थ शरीर के साथ-साथ बीमारियों से भी राहत मिलती है। साथ ही समाज में मान-सम्मान भी बढ़ता है। इसके अलावा माघ में इन चीजों की खरीदारी करना भी बहुत शुभ माना जाता है। तो आइए जानते हैं कि माघ में घर में कौन सी चीजें लाने से समृद्धि और सौभाग्य बढ़ता है।
माघ माह में घर ले आएं ये चीजें
तिल-
माघ माह में तिल का सेवन और दान करना बहुत शुभ फलदायी माना जाता है। इसके अलावा माघ के व्रत और त्योहारों में भी तिल का विशेष उपयोग किया जाता है। ऐसे में माघ माह में तिल खरीदकर घर लाना बहुत शुभ होता है। माघ माह में पूजा में तिल का प्रयोग करने से घर में सुख, समृद्धि और खुशहाली आती है।
श्रीयंत्र
माघ माह में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने की परंपरा है। ऐसे में इस महीने में श्रीयंत्र घर लाना बहुत शुभ होता है। माघ में श्रीयंत्र खरीदकर घर लाएं और उसकी विधि-विधान से पूजा करें। ऐसा करने से लक्ष्मी नारायण प्रसन्न होते हैं और धन-संपत्ति में वृद्धि होती है। घर में श्रीयंत्र रखने से जीवन में कभी भी आर्थिक समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ता है।
गर्म कपड़े
माघ महीने में गर्म कपड़े और कंबल का दान करना बहुत फलदायी माना जाता है। ऐसे में माघ महीने में कंबल के साथ-साथ गर्म कपड़े भी खरीदकर घर लाएं और गरीबों और जरूरतमंदों को दान करें। माघ महीने में बहुत ठंड होती है, ऐसे में जरूरतमंदों को गर्म कपड़े दान करने से अनंत फल मिलता है।
सरसों का तेल
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माघ माह में सरसों का तेल खरीदकर घर लाना भी शुभ माना जाता है। इसके अलावा माघ महीने के शनिवार को शाम के समय पीपल के पेड़ के नीचे तिल के तेल का दीपक जलाने से शनि दोष से मुक्ति मिलती है।
