
गाय का कटा सिर बरामदअमरोहा
अमरोहा: यूपी के अमरोहा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां महाशिवरात्रि से पहले सड़क से गाय का कटा सिर और अन्य अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया है. इस मामले पर हिंदू संगठनों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और आंदोलन का आह्वान किया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
क्या है पूरा मामला?
महाशिवरात्रि से पहले अमरोहा में माहौल बिगाड़ने की कोशिश का मामला सामने आया है. मिली जानकारी के मुताबिक, गोहत्या के बाद गाय के अवशेषों को सड़क पर फेंक दिया गया है. सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। यह मामला अमरोहा के थाना नौगांव सादात क्षेत्र का है.
अमरोहा जिले के नौगांव सादात थाना क्षेत्र में धनौरा-अमरोहा मार्ग पर एक निजी लॉ कॉलेज के पास गौ तस्करों ने सड़क किनारे गौ अवशेष फेंककर माहौल खराब करने की कोशिश की है. जिसके बाद सूचना पर पहुंचे हिंदू संगठन के लोगों में गुस्सा देखा गया. गोकशी की सूचना मिलते ही बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। सड़क किनारे गाय का सिर और कुछ अवशेष पड़े थे. शरीर का बाकी हिस्सा काटकर ले गए।
हिंदू संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे हिंदू संगठन के पदाधिकारी नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि आ रही है. लोग कांवर लेने गए हैं. अगर सड़क पर ऐसा हुआ तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस हमारी बात नहीं सुनती तो हम बड़ा आंदोलन करेंगे. इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं. इसमें सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जांच होनी चाहिए, जो टैग मिला है उसकी जांच होनी चाहिए ताकि पता चल सके कि यह गाय किसकी है।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी ने बताया कि यह घटना धनौरा रोड स्थित हाशमी लॉ कॉलेज के बिल्कुल पास की है. मुंधड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र में ऐसा आए दिन होता है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती. शिवरात्रि का त्यौहार आ रहा है. कुछ जिहादी लोग ऐसा करके माहौल खराब करना चाहते हैं.
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने विरोध में नारेबाजी की और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की. बताया जा रहा है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। (इनपुट:अमरोहा से राजीव शर्मा)
