
कलाना गांव में भारी पथराव
गुजरात: ग्रामीण अहमदाबाद के साणंद तालुका स्थित कलाना गांव में मामूली बात को लेकर दो गुटों के बीच जमकर पथराव हुआ. यह घटना सोमवार शाम को शुरू हुई, जिसका वीडियो सामने आया है. इस घटना से कलाना गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया. हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने पूरे गांव में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया. इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
कैसे शुरू हुआ विवाद?
अहमदाबाद ग्रामीण एसपी ओमप्रकाश जाट के मुताबिक विवाद की जड़ बहुत साधारण थी. कल एक गुट का एक युवक बाइक से जा रहा था, तभी दूसरे गुट के एक व्यक्ति ने उसे टोकते हुए कहा, “सामने क्यों देख रहे हो?” इसके बाद विवाद शुरू हो गया, लेकिन मामला शांत हो गया. मंगलवार की सुबह दोनों गुट एक बार फिर आमने-सामने आ गये. फिर विवाद इतना उग्र हो गया कि दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया, जिसमें दो लोगों के घायल होने की खबर है.
पुलिस की कार्रवाई और कॉम्बिंग
घटना की जानकारी मिलते ही अहमदाबाद ग्रामीण एसपी समेत आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ कलाना गांव पहुंचे. पुलिस ने गांव में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया. दोनों गुटों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. अब तक कुल 42 लोगों को हिरासत में लिया गया है.
साणंद से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित कलाना गांव में फिलहाल शांति है. एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न घटे. एसपी ने साफ किया है कि स्थिति नियंत्रण में है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें-
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को अभी तक नहीं मिला सरकारी आवास, 21 जुलाई को दिया था इस्तीफा
