
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो
अमेरिकी हमले के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की पहली तस्वीर सामने आई है. इस तस्वीर में वह अमेरिकी सैनिकों द्वारा कैद किये गये नजर आ रहे हैं. ये तस्वीर उस युद्धपोत के अंदर की है जिससे मादुरो को अमेरिका ले जाया जा रहा है. तस्वीर के बीच में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के हाथ में पानी की बोतल है. उन्होंने काला चश्मा पहन रखा है.
बता दें कि अमेरिका ने शनिवार सुबह वेनेजुएला पर ”बड़े पैमाने पर हमला” किया और कहा कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ लिया गया है और देश से बाहर ले जाया गया है. हमले के कुछ घंटों बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर यह घोषणा की.

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिकी सैनिकों ने पकड़ लिया
अमेरिका में केस चलेगा
मादुरो को अमेरिकी युद्धपोत के जरिए अमेरिका ले जाया जा रहा है. अमेरिकी न्याय विभाग ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी के खिलाफ एक नया अभियोग दायर किया है। “मादुरो पर एक ‘भ्रष्ट, अवैध सरकार’ का नेतृत्व करने का आरोप है, जिसने दशकों से मादक पदार्थों की तस्करी सहित अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए राज्य की शक्ति का दुरुपयोग किया है।” इसमें आरोप लगाया गया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के प्रयासों ने “वेनेजुएला के राजनीतिक और सैन्य अभिजात वर्ग को समृद्ध और मजबूत किया है।” अभियोग के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि मादुरो ने “दुनिया के कुछ सबसे हिंसक और कुख्यात ड्रग तस्करों और नार्को-आतंकवादियों का समर्थन किया।” साथ में कई टन कोकीन की अमेरिका में तस्करी की.
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी ने कहा है कि वेनेजुएला के अपदस्थ नेता निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोर्स को न्यूयॉर्क में दोषी ठहराए जाने के बाद आपराधिक आरोपों का सामना करना पड़ेगा। बॉन्डी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “दंपति को जल्द ही अमेरिकी धरती पर अमेरिकी अदालतों में अमेरिकी न्याय का सामना करना पड़ेगा।” मादुरो को 2020 में न्यूयॉर्क में “नार्को-आतंकवाद” साजिश के आरोप में दोषी ठहराया गया था, लेकिन अब तक यह ज्ञात नहीं था कि उनकी पत्नी को भी दोषी ठहराया गया था।
आपको बता दें कि इससे पहले वेनेजुएला में कई धमाकों की आवाजें सुनी गई थीं और कम ऊंचाई पर उड़ रहे विमान राजधानी काराकस के ऊपर से गुजरे थे. इसके बाद मादुरो की सरकार ने तुरंत अमेरिका पर नागरिक और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने का आरोप लगाया. वेनेज़ुएला सरकार ने इसे “साम्राज्यवादी हमला” कहा और नागरिकों से सड़कों पर उतरने का आह्वान किया। माना जा रहा है कि उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज वेनेजुएला के कानून के मुताबिक सत्ता संभालेंगी.
