
दिल्ली में घना कोहरा
नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड और भारी बर्फबारी के साथ हुई है. आज भी पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी की आशंका है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक शीतलहर का प्रकोप रहेगा, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी है, जबकि जम्मू-कश्मीर के ज्यादातर इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं. यानी तापमान में गिरावट के कारण कड़ाके की ठंड पड़ेगी. हालांकि, बर्फबारी के कारण पर्यटकों को मजा आ रहा है, वे इस बर्फबारी का भरपूर आनंद ले रहे हैं. वहीं, दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी है। साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी के मुताबिक, 2 जनवरी को दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट रहेगा. आज ठंडी हवाएं चल सकती हैं और बादल छाए रहेंगे. 2 जनवरी को धूप नहीं निकलने का भी अनुमान है। फिलहाल भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से सिर्फ 2 जनवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट चेतावनी जारी की गई है। आईएमडी ने 7 जनवरी तक के लिए मौसम का पूर्वानुमान भी जारी किया है, जिसमें अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरता हुआ नजर आ रहा है।

सोनमर्ग में बर्फबारी.
हिमाचल, जम्मू-कश्मीर में आज भी बर्फबारी का अलर्ट
नए साल की शुरुआत के साथ ही पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी हो रही है. जम्मू से लेकर उत्तराखंड और हिमाचल तक की वादियां बर्फ से ढकी हुई हैं. चंबा, मनाली, भद्रवाह और गुलमर्ग तक के इलाके सफेद चादर से ढके नजर आ रहे हैं. मौसम विभाग के मुताबिक आज भी पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी देखने को मिलेगी. हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
पंजाब से लेकर ओडिशा तक कोहरे की मार
अगले 5 से 7 दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, यूपी, बिहार और ओडिशा में सुबह और रात के समय बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। यूपी के 25 से ज्यादा जिलों में आज शीतलहर और कोहरे का डबल अटैक रहेगा। कई जगहों पर दृश्यता काफी कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है.
वहीं, राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है. खासकर सुबह और रात में ठंड ज्यादा परेशान कर सकती है.
उत्तराखंड का मौसम
अगले 2 दिनों तक उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इससे पहाड़ी इलाकों में तापमान और गिर सकता है और यात्रियों को सतर्क रहने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें-
राजस्थान में मावठ के साथ नए साल की शुरुआत, तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
