
मुठभेड़ में अपराधी मारा गया
यूपी पुलिस ने आगरा में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में मार गिराया है. आगरा जिले के एकता थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) नोएडा यूनिट और आगरा पुलिस की संयुक्त टीम के साथ मुठभेड़ के दौरान 50,000 रुपये का इनामी अपराधी मारा गया. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन आगरा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अमिताभ यश ने आरोपी की मौत की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि बदमाश की पहचान पवन उर्फ कल्लू (निवासी सिरौली थाना लोनी, गाजियाबाद) के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि पवन रंगदारी के एक मामले में वांछित था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था.
18 से ज्यादा मामले दर्ज किये गये
यश ने बताया कि पवन प्रशासन द्वारा चिन्हित कुख्यात रणदीप भाटी-अमित कसाना गैंग का शूटर था और उसके खिलाफ 18 से ज्यादा मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या के चार और रंगदारी के दो मामले शामिल हैं. उन्होंने बताया कि 2021 में भी हत्या के मामले में उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसमें वह जेल गया था. पुलिस के मुताबिक उसके पास से बड़ी संख्या में कारतूस और हथियार बरामद हुए हैं.
9 एमएम पिस्टल बरामद
पुलिस ने बताया कि जेल में रहने के दौरान पवन हरियाणा के कुख्यात हिमांशु भाऊ गिरोह के संपर्क में आया और 2025 में जेल से छूटते ही उसने बड़े पैमाने पर रंगदारी वसूलना शुरू कर दिया. एडीजी ने बयान में कहा कि मुठभेड़ के दौरान मौके से 9 एमएम की पिस्तौल बरामद हुई जो 2016 में बिसरख पुलिस स्टेशन (गौतम बुद्ध नगर) में एक कांस्टेबल मोनू धीमान से लूटी गई थी. इस मामले में बिसरख पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर दर्ज की गई है.
ये भी पढ़ें-
5 दिन से लापता अधेड़ की हत्या किसने की? कुएं में तैरता मिला शव; हत्यारे ने शव को बांधकर फेंक दिया।
